(आगरा,UP)4मार्च,2026
आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी में प्रशासन जुट गया है। रायपुर और रहनकलां क्षेत्र में विकास प्राधिकारी 442 हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप विकसित कर रहा है। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
सात अप्रैल को मुख्यमंत्री टाउनशिप का शिलान्यास करने आ सकते हैं। इसी पर प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ है। जिलाधिकारी ने निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल और पार्किंग व्यवस्था को देखा। हेलीपैड निर्माण के लिए भी स्थान का चयन किया गया। अधिकारियों ने धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव कराने और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान क्षेत्र के किसानों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर सड़क निर्माण अधिग्रहण की जमीन का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। किसानों ने बताया कि संतोषजनक मुआवजा नहीं मिला है। इस पर अधिकारियों ने समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर वीरेंद्र सिंह, नत्थू सिंह, मूलचन्द्र, भूरी सिंह, अमर सिंह, बैजनाथ आदि मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)
